थाने से चकमा देकर भागा झोलाछाप डॉक्टर पकड़ा गया,तीन पुलिसकर्मी हो चुके निलंबित
थाने के अंदर से पुलिस अभिरक्षा में एक आरोपी झोलाछाप डॉक्टर फरार हो गया था। जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार पुलिस को सफलता मिल गई उसे ढूंढ निकाला है। बता दें की इस मामले में तीन पुलिसकर्मी निलंबित भी हो चुके हैं। जबकि थाना प्रभारी और विवेचक को नोटिस जारी किया गया है। मामला दमोह जिले का है जहां रनेह थाने से आरोपी झोलाछाप डॉक्टर भाग निकला था। पुलिस टीम उसे टीकमगढ़ जिले से गिरफ्तार करने के बाद लेकर आई। जिससे पूछताछ की गयी। बताया गया की आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें दबिश दे रही थी। जिसे पकड़ने के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के मुताबिक पटेरा थाना अंतर्गत बमनपुरा निवासी 35 साल का लीलाधर चौधरी झोलाछाप डॉक्टर है। दो महीने पहले उसके गलत इलाज से एक नाबालिग बच्ची की जान चली गई थी। जिसके बाद परिजनों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया था। मामले में पुलिस ने धारा 105 बीएनएस और मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा 24 में मामला दर्ज कर आरोपी को बीते सोमवार को गिरफ्तार किया था। लेकिन मंगलवार सुबह करीब 4 बजे आरोपी थाने के अंदर से पुलिस को चकमा देकर पुलिस अभीरक्षा से भाग गया था। जिसके बाद से पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी थी।
इस मामले में एसपी आनंद कलादगी ने कार्यवाई करते हुए थाने के तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित किया था। जिनमें एचसीएम शिवराज सिंह, ड्यूटी ऑफिसर केवल नारायण मिश्रा और बंदी सुरक्षा में तैनात आरक्षक श्रीराम प्रजापति शामिल हैं। वहीं थाना प्रभारी चंदन सिंह और विवेचक एएसआई मुफीस अहमद को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। आरोपी को पकड़ने की कार्यवाई बीते शनिवार को की गयी। जहां एसपी का कहना था की आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद उसका रिमांड मांगा जाएगा।---