सागर- गांवों में हो रही अवैध शराब की सप्लाई, बाइक और कार से भेजी जा रही शराब, रोक लगाने की मांग !
सागर जिले में कई गांवों में अवैध शराब की सप्लाई की जा रही है। बताया गया की कथित तौर से फोर व्हीलर और दो पाहिया वाहनों से ग्रामीण क्षेत्रों में शराब की बिक्री की जा रही है। जिस पर रोक लगाए जाने की मांग की गयी है। दरअसल सागर जिले के गढ़ाकोटा में भगवती मानव कल्याण संगठन के लोगों ने थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
इस दौरान ज्ञापन में कहा गया की परमहंस योगीराज शक्तिपुत्र महाराज के मार्गदर्शन में भगवती मानव कल्याण संगठन सालों से नशामुक्ति अभियान चला रहा है। संगठन का दावा है कि मध्य प्रदेश में लगभग 2 हजार से ज्यादा स्थानों पर अवैध शराब की जानकारी पुलिस को देकर कार्रवाई कराई जा चुकी है। संगठन का आरोप है की गढ़ाकोटा क्षेत्र की शराब दुकान से दो पहिया और चार पहिया वाहनों के माध्यम से आसपास के गांवों में शराब पहुंचाई जा रही है। जबकि शराब दुकान का लाइसेंस निर्धारित स्थान से ही विक्रय के लिए जारी किया जाता है। अगर इस प्रकार कहीं और शराब की आपूर्ति की जा रही है तो उस पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही कहा गया की गांवों में शराब की आसान उपलब्धता के कारण युवाओं समेत ग्रामीणों में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। जिसका सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव महिलाओं, बच्चों और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। नशे की लत से परिवार तबाह हो रहे हैं। कई अन्य समस्याएं भी हो रही हैं।
भगवती मानव कल्याण संगठन के लोगों ने थाना प्रभारी से मांग की है की गढ़ाकोटा शराब दुकान से कथित रूप से गांवों में भेजी जा रही अवैध शराब की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जाए।-