Sagar- तीन युवकों ने दिखाई रंगदारी, मारपीट कर युवक पर चलाया चाक़ू, शराब पीने मांगे थे रूपये
सागर जिले के बीना में युवकों द्वारा रंगदारी दिखाए जाने का मामला सामने आया है। जहां रेल्वे स्टेशन के बाहर चाय की दुकान पर एक युवक के साथ मारपीट की गई। वहीं चाक़ू से भी हमला किया गया। आरोप है की युवक से शराब पीने पैसों की मांग की गयी। लेकिन मना करने पर उसकी पिटाई की गई। इस मामले में बीना जीआरपी ने तीन युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू की है। बताया जा रहा है की पुलिस ने साहिल उर्फ भूरा, अमन अहिरवार और मनीष उर्फ बड्डे के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है।
ये पूरी घटना बीना रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित चाय की दुकान से सामने आई है। घायल रॉबिन कुशवाहा ने बताया की वह रेलवे स्टेशन के बाहर चाय की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान साहिल उर्फ भूरा वहां पहुंचा और उससे अभद्रता करने लगा। कुछ ही देर बाद अमन अहिरवार और मनीष उर्फ बड्डे भी आ गए। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए रुपए मांगे। मना करने पर तीनों उसे पकड़कर चाय की दुकान के पीछे ले गए। युवक का कहना था की वह किसी तरह आरोपियो से छूटकर भागा।
लेकिन पीछे से अमन अहिरवार ने आकर चाकू से उसके दाएं पैर की जांघ पर वार कर दिया। वहीं मनीष उर्फ बड्डे ने भी चाकू से हमला किया। बचाव के दौरान उसके हाथ की उंगलियों में भी चोट आई और खून निकलने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे बुंदेल कुशवाहा और नितेश कुशवाहा के आने पर तीनों युवक मौके से भाग निकले। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं सूचना मिलने के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश भी जारी है।------