बीजेपी की सभा में रो पड़े नरोत्तम मिश्रा आशुतोष के लिए मंच से कह दी बड़ी बात
दतिया उपचुनाव के नामांकन के दौरान भारतीय जनता पार्टी की सभा में उस वक्त भावुक पल देखने को मिला, जब पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मंच से संबोधन के दौरान भावुक हो गए। बोलते-बोलते उनका गला रुंध गया और आंखें नम हो गईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता के सामने पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से जिताने का संकल्प दोहराया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने सोमवार दोपहर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
अपने संबोधन के दौरान नरोत्तम मिश्रा भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह प्रचार कर रही है कि भाजपा में फूट है, लेकिन आज पूरा संगठन एकजुट होकर मंच पर खड़ा है। उन्होंने कहा, "मैं दतिया के एक-एक घर के सामने शीश नवाकर पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जिताने की अपील करूंगा।" यह कहते हुए उनकी आवाज भर्रा गई और आंखें नम हो गईं। नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर भी राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि वे "एक्सपायरी डेट की होम्योपैथी की गोली" की तरह हैं, जो मीठी तो होती है, लेकिन उसका कोई असर नहीं होता।
वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से कहा कि "नरोत्तम जी, हम अपने छोटे भाई आशुतोष तिवारी को आपके सुपुर्द कर रहे हैं। इन्हें जीत दिलाने की जिम्मेदारी अब आपकी है।" मुख्यमंत्री के इस बयान पर सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियां बजाईं। इससे पहले कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भी अपना नामांकन दाखिल किया।
उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अब दतिया का उपचुनाव पूरी तरह राजनीतिक प्रतिष्ठा का मुकाबला बन चुका है। एक ओर भाजपा एकजुटता का संदेश देने में जुटी है, तो दूसरी ओर कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है। अब नजर 30 जुलाई को होने वाले मतदान और उसके नतीजों पर टिकी है।