पत्नी के चरित्र पर श क बना हत्या की वजह! पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्या कांड में बड़ा खुलासा
एमपी के इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पति अखिलेश सैनी कथित तौर पर अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी शक ने घरेलू विवाद को खूनी अंजाम तक पहुंचा दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की छह टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
संयोगितागंज थाना क्षेत्र के मनोरमागंज स्थित डाक कुंज कॉलोनी में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी अखिलेश सैनी अपनी पत्नी उर्मिला सैनी के चरित्र पर शक करता था और इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का मानना है कि यही विवाद हत्या की वजह बना।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उधर, मृतका के परिजनों और डाक विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग संयोगितागंज थाने पहुंचे और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मृतका की बेटी प्रेक्षा सैनी भी मीडिया के सामने भावुक हो गई। उसने अपनी मां को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि जिस तरह उसकी मां को दर्दनाक मौत दी गई, आरोपी को भी उसके किए की कड़ी सजा मिलनी चाहिए। प्रेक्षा ने आरोप लगाया कि उसके पिता हमेशा उसकी मां के चरित्र पर बेवजह संदेह करते थे और उनकी कमाई पर निर्भर रहते थे।
वहीं थाना प्रभारी केपी यादव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छह विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं और उम्मीद है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पूरे शहर की नजर अब इस बात पर टिकी है कि फरार आरोपी कब तक कानून के शिकंजे में आता है और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलता है।