सागर- तीर्थ दर्शन संकल्प 5वें वर्ष में, जगन्नाथ पुरी के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना SAGAR TV NEWS
सागर में सेवा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। राम सरोज समूह के तीर्थ दर्शन संकल्प ने अपने चार सफल वर्ष पूरे कर पांचवें वर्ष में प्रवेश किया। इस अवसर पर जगन्नाथ पुरी की तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए होटल राम सरोज पैलेस में सम्मान एवं टिकट वितरण समारोह आयोजित किया गया। धार्मिक माहौल के बीच संतों के आशीर्वाद के साथ श्रद्धालुओं का जत्था जगन्नाथ पुरी के लिए रवाना हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन से हुई। रामबाग मंदिर के महंत पूज्य घनश्याम दास महाराज, नर्मदा भक्त संत पंडित केशव गोस्वामी तथा पंडित संदीप मिश्रा महाराज के सानिध्य में संतों का शाल, श्रीफल, रुद्राक्ष माला और बाबा खाटू श्याम का चित्र भेंट कर सम्मान किया गया। इसके बाद तीर्थ यात्रियों को यात्रा टिकट, सहयोग राशि प्रदान की गई तथा तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की गई।
संतों ने कहा कि राम सरोज समूह का यह अभियान केवल तीर्थ यात्रा नहीं, बल्कि मानव सेवा और आध्यात्मिक जागरण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका कहना था कि जरूरतमंद और बुजुर्ग श्रद्धालुओं को तीर्थ दर्शन कराना सबसे बड़ी सेवा है। समाजसेवी शैलेश केसरवानी और अखिलेश मोनी केसरवानी ने बताया कि समूह पिछले चार वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर, बुजुर्ग और जरूरतमंद लोगों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करा रहा है। उनका कहना था कि यात्रियों के चेहरों पर दिखने वाली खुशी ही इस सेवा अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में कई यात्रियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। किसी ने पहली बार ट्रेन से सफर करने की खुशी जाहिर की, तो किसी ने बताया कि समूह की मदद से वर्षों पुरानी तीर्थ यात्रा की इच्छा पूरी हो सकी। कैंसर से जूझ रही महिला, दिव्यांग श्रद्धालु और वृद्धाश्रम के बुजुर्गों की भावुक कहानियों ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। राम सरोज समूह अब तक अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, सोमनाथ, काशी, प्रयागराज महाकुंभ, गयाजी और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सैकड़ों श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा करा चुका है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, यात्रियों और मीडिया प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया तथा स्नेह मिलन के साथ आयोजन का समापन हुआ।