पीड़िता को न्याय दिलाने कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, 4 आरोपी गिरफ्तार
आलीराजपुर जिले के बोरी में हुई हैवानियत की वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। हथियारों के दम पर एक विधवा महिला के घर में घुसकर डकैती और उसके साथ कथित दरिंदगी की घटना के बाद इलाके में जबरदस्त आक्रोश है। घटना के विरोध में बोरी पूरी तरह बंद रहा, जबकि पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग अब राजनीतिक मुद्दा भी बन गई है। कांग्रेस का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा और सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। वहीं पुलिस का दावा है कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
बोरी में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में गुस्सा साफ दिखाई दिया। लोगों ने बाजार बंद रखकर विरोध जताया और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। इसी बीच कांग्रेस का पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी बोरी पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन, जोबट विधायक सेना महेश पटेल, झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया, विधायक झूमा सोलंकी और पूर्व मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ शामिल रहीं।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया और बाद में पुलिस अधीक्षक से भी चर्चा की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि घटना के कई दिन बाद मंत्री और सांसद मौके पर पहुंचे, जबकि उन्हें पहले ही पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए था। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को समय पर न्याय नहीं मिला तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।
उधर, पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि इस वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अब पूरे प्रदेश की नजर इस बात पर है कि इस जघन्य मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होती है और पीड़ित महिला को कितनी जल्दी न्याय मिल पाता है।