सागर में बढ़ते अपराध के बीच फिर मिला हथियारबंद बदमाश, बड़ी घटना से पहले पुलिस ने दबोचा
सागर में लगातार बढ़ते अपराधों के बीच एक बार फिर अवैध हथियार का मामला सामने आया है। शहर में बेखौफ घूम रहे बदमाशों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस बार मकरोनिया पुलिस की सतर्कता से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी व नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया ललित कश्यप के मार्गदर्शन में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान रविवार को मकरोनिया थाना पुलिस को सूचना मिली कि संत रविदास मंदिर के पास एक युवक देशी कट्टा लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन पाल के निर्देश पर उप निरीक्षक राजेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान भोलू उर्फ कुलदीप पाण्डेय (21 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 18, बड़तूमा, थाना मकरोनिया के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी कमर से 315 बोर का एक देशी कट्टा और पैंट की जेब से 315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर ही हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।