पुलिस से झड़प के बीच जोरदार प्रदर्शन, NEET पेपर लीक पर भड़की युवा कांग्रेस, मंत्री का पुतला फूंका
देशभर में NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच ग्वालियर में युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय युवा कांग्रेस के देशव्यापी अभियान "छात्रों की गूंज" के तहत कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। एमपी के ग्वालियर के कंपू चौराहे पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष मयंक शिवहरे ने किया। बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे तथा केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है।
प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन करने का प्रयास किया, तो मौके पर मौजूद पुलिस ने आग बुझाने के लिए पानी डालकर पुतला जलने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस भी हुई। हालांकि, विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने पुतले का दहन कर अपना प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय यादव, उपाध्यक्ष सुमित गुर्जर, कंपू ब्लॉक अध्यक्ष उमेश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी। लेकिन इस प्रदर्शन ने एक बार फिर शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों को तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि छात्रों की इन मांगों पर सरकार क्या कदम उठाती है।