स्कूल से 3 साल के मासूम का दिनदहाड़े अप हरण, CCTV में कैद वारदात... पुलिस को पिता पर गहरा शक
दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया है। एसपी बंगले के सामने स्थित एक निजी स्कूल से महज तीन साल के मासूम का अपहरण कर लिया गया। स्कूल की छुट्टी के दौरान दो युवक बच्चे को स्कूटी पर बैठाकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस को इस अपहरण के पीछे बच्चे के पिता पर ही गहरा संदेह है, क्योंकि वह पहले भी बेटे का अपहरण कर चुका है और दोबारा ऐसा करने की धमकी भी दे चुका था।
घटना एमपी के मुरैना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के रेनबो पब्लिक स्कूल की है। तीन वर्षीय कार्तिक खारवाल प्ले ग्रुप का छात्र है और अपनी मां की ओर के परिवार के साथ गायत्री कॉलोनी में रहता है। मंगलवार दोपहर करीब 12:40 बजे छुट्टी के समय एक युवक स्कूल के बाहर पहुंचा, उसने बच्चे को नाम लेकर बुलाया और गोद में उठाकर सड़क की ओर दौड़ गया। वहां पहले से स्कूटी पर मौजूद उसका साथी इंतजार कर रहा था। दोनों मासूम को बीच में बैठाकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस स्कूटी का इस्तेमाल किया गया, उसका नंबर फर्जी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के धौलपुर की ओर जाने की जानकारी मिली है, जिसके बाद पुलिस की कई टीमें राजस्थान और आसपास के इलाकों में लगातार तलाश कर रही हैं। जांच में सबसे बड़ा संदेह बच्चे के पिता नीलेश खारवाल पर है। पुलिस के मुताबिक करीब एक साल पहले भी वह अपने बेटे का अपहरण कर चुका था और तीन दिन बाद मुंबई से बच्चा बरामद हुआ था। परिजनों का दावा है कि डेढ़ महीने पहले उसने बेटे को दोबारा उठवा लेने की धमकी भी दी थी। घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद है। वहीं, सीसीटीवी में दिख रहे एक आरोपी की पहचान पिता के करीबी दोस्त के रूप में होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस स्कूल रिकॉर्ड में दर्ज अभिभावक के मोबाइल नंबर और परिवार से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल कई टीमें बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। दिनदहाड़े स्कूल से मासूम के अपहरण की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पूरे जिले की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नन्हा कार्तिक कब सुरक्षित अपने परिवार के पास लौटेगा।