MP | 30 रुपये के वि वाद में युवक की ह त्या, 22 दिन बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा
क्या महज 30 रुपये किसी की जान से ज्यादा कीमती हो सकते हैं? एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में हाथ ठेले का किराया मांगने पर हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने 22 दिन बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। हत्या के बाद सड़क जाम, प्रदर्शन और भारी आक्रोश देखने को मिला था। अब पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है।
घटना 23 जून की रात तेंदूखेड़ा बस स्टैंड की है। यहां वार्ड क्रमांक-5 निवासी 25 वर्षीय अतुल अहिरवार ने हाथ ठेले का किराया मांगा था। आरोप है कि दमोह निवासी धीरेंद्र खटीक ने केवल 20 रुपये दिए और बाकी 30 रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोपी धीरेंद्र खटीक और उसके नाबालिग साथी ने फल काटने वाले चाकू से अतुल पर हमला कर दिया। सीने में चाकू लगने से अतुल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए व्यापारियों और परिजनों ने मुख्य सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और हाथ ठेलों पर रखा सामान सड़क पर फेंक दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने अगले ही दिन नाबालिग आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी धीरेंद्र खटीक लगातार फरार चल रहा था। लगातार तलाश के बाद तेंदूखेड़ा पुलिस ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी सरोज ठाकुर ने बताया कि इस हत्याकांड के दोनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है। 30 रुपये के विवाद में हुई इस हत्या ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-सी कहासुनी किस तरह एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है।