डबल मनी के लालच में बुजुर्ग महिला पर जा न लेवा हमला, 48 घंटे में 9 आरोपी गिरफ्तार
डबल मनी के लालच ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों को शक था कि महिला ने डबल मनी योजना से मिली बड़ी रकम घर में छिपा रखी है। लेकिन एमपी के बालाघाट जिले की किरनापुर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए हैं, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।
घटना 11 जुलाई की रात की है। ग्राम कलकत्ता निवासी लीलाबाई महेश्वरे घर में अकेली थीं। इसी दौरान हथियारों से लैस बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने महिला का मुंह दबाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संदेही वंश कुथे तक पहुंची। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें अफवाह मिली थी कि महिला ने "डबल मनी" योजना से प्राप्त बड़ी रकम घर में जमीन के भीतर छिपाकर रखी है। इसी लालच में उन्होंने पूरी साजिश रची और महिला पर हमला कर धन तलाशने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर दो चाकू और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। वहीं दो फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।