Sagar- किसानों के टीनशेडों पर व्यापारियों का कब्जा,किसान परेशान, मंडी में ताला डालने की चेतावनी
सागर जिले के बीना कृषि उपज मंडी में किसानों के लिए टीनशेड बनाये गए थे। ताकि वहां सुरक्षित तरीके से अनाज रखा जा सके। लेकिन आरोप है की टीन शेडों में व्यापारियों ने कब्जा कर लिया है जिन्हे खाली नहीं किया जा रहा। जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिसको लेकर शुरू हुआ विवाद अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा ने चेतावनी देते हुए कहा है की टीन शेडों को खाली नहीं किया गया तो मंडी में तालाबंदी की जायेगी।
बताया जा रहा है की बीना कृषि उपज मंडी में किसानों के लिए टीनशेड बनाये गए थे। बीते सोमवार को व्यापारियों और मंडी प्रशासन के बीच विवाद हुआ। जिसके बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने एसडीएम को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि किसानों के लिए बनाए गए टीन शेडों को खाली नहीं किया गया तो बुधवार को मंडी में ताला डाला जाएगा।
संयुक्त किसान मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष सीताराम ठाकुर और जिला अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह ने एसडीएम रवीश श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी प्रबंधन द्वारा किसानों के अनाज को बारिश, खराब मौसम के अलावा अन्य कार्यों के लिए तीन सुरक्षित टीन शेड बनाए गए हैं। करीब एक साल से कुछ व्यापारी टीन शेडों पर कब्जा किए हुए हैं। किसानों द्वारा लगातार टीन शेडों को खाली करने के लिए प्रयास किया गया.लेकिन टीन शेड खाली नहीं किए गए। जिससे किसानों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
व्यापारियों को बार-बार चेतावनी देने के बाद भी किसानों के टीन शेडों को अभी तक खाली नहीं किया गया है। इस संबंध में कई बार मंडी प्रबंधन को भी चेताया गया। लेकिन उन्होंने भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। कहा गया की अब आर-पार की लड़ाई होगी।बुधवार को मंडी के गेट पर ताला लगाया जाएगा।------