बाइक पर पार्टी का सामान लेने निकले थे तीन युवक, रास्ते में एक की गयी जान, दो अस्पताल में भर्ती
तेज रफ़्तार वाहन का कहर फिर एक बार एक परिवार पर कहर बनकर टूटा है। अज्ञात वाहन ने बाइक को ऐसी टक्कर मारी की एक युवक की जान चली गयी जबकि दो नाबालिग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना उज्जैन जिले के चिंतामन थाना क्षेत्र से सामने आई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी वहीं मामले की जांच भी शुरू की गयी है।
बताया जा रहा है की ये दर्दनाक सड़क हादसा उज्जैन के चिंतामन थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले नलवा मार्ग से सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान चेतन जाधव के रूप में हुई है। वहीं घायलों के नाम दुर्गेश और सचिन हैं। जो नाबालिग बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव से पार्टी का सामान लेने के लिए निकले थे। सामान खरीदकर वापस लौटते समय रास्ते में अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना को देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही चिंतामन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है साथ ही अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।