हूटर-ब्लैक फिल्म और फर्जी नेम प्लेट पर ताबड़तोड़ चालान, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर चला कोर्ट का चाबुक,
ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। इस बार कार्रवाई सिर्फ पुलिस ने नहीं, बल्कि जिला न्यायालय के निर्देश पर चलित न्यायिक कोर्ट की मौजूदगी में हुई। डीबी मॉल के सामने जब एक-एक कर हूटर लगी गाड़ियां, ब्लैक फिल्म वाली कारें और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले वाहन रोके जाने लगे, तो मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कई लोग इस कार्रवाई का वीडियो बनाते नजर आए। मध्यप्रेश की राजधानी भोपाल जिला न्यायालय के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस और न्यायिक अधिकारियों ने संयुक्त अभियान चलाया। एमपी नगर स्थित डीबी मॉल के सामने विशेष चेकिंग के दौरान हूटर, काली फिल्म, फर्जी या नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पदनाम लिखी नेम प्लेट वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई।
इस अभियान की खास बात यह रही कि मौके पर ही चलित न्यायिक कोर्ट संचालित किया गया। जिला न्यायालय के सीजीएम सहित चार न्यायिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। ट्रैफिक पुलिस नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को रोककर सीधे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर रही थी, जहां तत्काल चालान की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान वाहनों से हूटर, अवैध नेम प्लेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मौके पर ही हटाई गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हूटर लगाने के मामले में 3 हजार रुपये और ब्लैक फिल्म लगाने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा और ट्रैफिक नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है।
भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि शहरभर में हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों के पालन को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में 14 से अधिक चेकिंग पॉइंट बनाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा सके।