जुगल किशोर सरकार महोत्सव का भव्य आगाज़, कलश यात्रा से गूंजा शहर; देशभर के संतों का होगा समागम
इन दिनों पूरी तरह भक्ति और आध्यात्मिक रंग में रंगा हुआ है। ऐतिहासिक श्री जुगल किशोर सरकार धाम महोत्सव का आज भव्य शुभारंभ हो गया। "एक दिन–एक उत्सव" की थीम पर आयोजित इस महोत्सव में भव्य कलश यात्रा, बाइक रैली और संतों के स्वागत के साथ पूरे शहर में धार्मिक उल्लास देखने को मिला। 15 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर से संत-महात्मा और हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। वहीं 15 जुलाई से प्रसिद्ध संत स्वामी राजेंद्र दास जी महाराज की श्रीमद्भागवत कथा भी शुरू होगी।
महोत्सव के पहले दिन मध्यप्रदेश के सागर संभाग के पन्ना शहर दुल्हन की तरह सजा नजर आया। सड़कों पर भगवा ध्वज, आकर्षक होर्डिंग, भव्य प्रवेश द्वार और रंग-बिरंगी सजावट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर हिस्सा लिया। इसके बाद युवाओं ने बाइक रैली निकालकर पूरे शहर में धार्मिक उत्साह का संदेश दिया। उधर, ऐतिहासिक जुगल किशोर सरकार मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भगवान जुगल किशोर के दर्शन कर भक्ति में सराबोर नजर आए।
पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पन्ना को आध्यात्मिक पर्यटन और सनातन संस्कृति के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा प्रयास है। महोत्सव के दौरान श्रीमद्भागवत कथा, श्रीभक्तमाल कथा, गुरु पूर्णिमा महोत्सव और प्रतिदिन प्रसाद वितरण सहित कई धार्मिक आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में विशेष प्रसाद केंद्र भी बनाए गए हैं। वहीं संत किशोर दास जी महाराज ने पन्ना को मिनी वृंदावन बताते हुए कहा कि यह नगरी अब आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन चुकी है और गौ सेवा व सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश पूरे देश में दे रही है।