सागर- तेज रफ़्तार बाइक सवार ने मारी टक्क र, पिता पहुंचे अस्पताल, पुलिस चौकी में डला था ताला !
सागर जिले के खुरई थाना क्षेत्र में एक युवक ने लापरवाही पूर्वक बाइक चलाते हुए एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को गंभीर हालत के चलते सागर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है। वहीं परिजनों का आरोप है की जब वह शिकायत करने पुलिस चौकी पहुंचे तो वहां ताला डला हुआ मिला। जिससे शिकायत नहीं हो पाई। टक्कर मारने का आरोप गांव के ही युवक पर लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक खुरई के उजनेट में खेत से पैदल घर लौट रहे किसान को तेज रफ्तार बाइक चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें किसान को गंभीर हालत में सागर रेफर करना पड़ा।
घायल के बेटे गंगाराम रैकवार से मिली जानकारी के मुताबिक उनके पिता मोहन रैकवार निवासी उजनेट जो अपने घर से खेत में काम करने गए हुए थे। वहां से लौटकर अपने घर आ रहे थे। तभी घर के पास ही गांव के युवक ने तेज और लापरवाही से बाइक चलाकर उनके पिता को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें वह घायल हो गए। इस बात की शिकायत करने जब वह उजनेट पुलिस चौकी में पहुंचे तो वहां ताला डला हुआ था। थक हारकर पिता को खुरई सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। पिता के एक हाथ में फ्रैक्चर और सिर समेत अन्य जगहों पर चोटें लगी हुई है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर रेफर किया गया है।--