Sagar- मंदिर की जमीन को लेकर पीड़ित महिलाओं ने एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र से मंदिर की जमीन को लेकर विवाद का मामला अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। पीड़ित पक्ष की महिलाओं ने आरोप लगाया है कि उनके घर में घुसकर हथियारों से हमला किया गया, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने उनकी एफआईआर तक दर्ज नहीं की। अब उन्होंने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। बुधवार को मोतीनगर थाना क्षेत्र के बदोना गांव की माया रानी, राधा, सुलोचना, मीना सहित कई महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं का आरोप है कि 13 जुलाई को मंदिर की जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच गांव के जगदीश, धन्नू, राजा, रोहित, सौरभ, रानू और लीलाधर सहित अन्य लोग उनके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावर बका, फरसा, कटर और तलवार जैसे धारदार हथियार लेकर पहुंचे थे। इस हमले में 14 वर्षीय एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की शिकायत लेकर जब वे मोतीनगर थाने पहुंचीं तो उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उनका दावा है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी मौजूद है, जो सच्चाई सामने ला सकता है। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले का दूसरा पक्ष भी सामने आ चुका है। गौरतलब है कि एक दिन पहले दूसरे पक्ष ने भी मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। ऐसे में अब पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और किस पक्ष के आरोप सही हैं। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और सभी की निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।