फोन पर बात करते समय जमीन पर गिरे भाजपा पार्षद और चली गई जान, कैमरे में कैद हुई घटना
कहा जाता है की ज़िंदगी का क्या भरोसा, किस गली में ज़िंदगी की शाम हो जाए, कोई ठिकाना नहीं। इसी तरह एक भाजपा के पार्षद के साथ भी हुआ वह सड़क पर टहल रहे थे की अचानक से नीचे गिर गए। उन्हें तत्काल अस्पताल भी ले जाय गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। ये हैरान कर देने वाली घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जो एमपी के छिंदवाड़ा जिले से सामने आई है। तस्वीरों में देखा जा सकता है की वह फोन पर बात करते हुए आ रहे हैं इसी दौरान वह अचानक से नीचे गिरते हैं और उनकी जान चली जाती है।
बताया जा रहा है की छिंदवाड़ा में नगर निगम के वार्ड क्रमांक 47 प्रियदर्शनी कॉलोनी के भाजपा पार्षद और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लोकेश डेहरिया का गुरुवार को अचानक निधन हो गया। वार्ड भ्रमण के दौरान वे सड़क पर चलते समय अचानक गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरूआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। उनके निधन से शहर और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के मुताबिक लोकेश डेहरिया अपने वार्ड का भ्रमण कर रहे थे। सिद्धिविनायक रेजीडेंसी के सामने सड़क पर पैदल चलते समय वह अचानक असंतुलित होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन बचाया नहीं जा सका।
ये पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। लोकेश डेहरिया नगर निगम में भाजपा के सक्रिय पार्षद होने के अलावा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष के रूप में भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे थे।--