कोर्ट परिसर में मासूम बच्ची की कस्टडी को लेकर आपस में भि ड़े माता-पिता, जमकर हुआ हंगा मा, वीडियो वायरल !
कोर्ट परिसर अचानक से अखाड़ा बन गया, जहां काफी देर तक हंगामा हुआ और जमकर दंगल भी देखने को मिला। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जहां वकीलों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। दरअसल ये पूरा विवाद एक नौ साल की बच्ची की अभिरक्षा को लेकर था। पति अपने साथ बच्ची को रखना चाहता था, जबकि पत्नी अपने साथ, बस इसी बात को लेकर दोनों पक्ष बच्ची को पकड़कर खींचने लगे। जबकि बच्ची बुरी तरह से बिलख रही थी। ये घटनाक्रम एमपी के खंडवा के जिला न्यायालय परिसर से सामने आया है। जहां पति-पत्नी और उनके परिजन आपस में उलझ बैठे।
बताया जा रहा है की खंडवा जिला न्यायालय परिसर में कस्टडी विवाद ने उग्र रूप ले लिया जहां तकरीबन आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। बुधवार शाम को 9 साल की बच्ची की अभिरक्षा (कस्टडी) को लेकर पति-पत्नी और उनके परिजन आमने-सामने आ गए। जहां दोनों पक्ष मासूम बच्ची को अपनी-अपनी ओर खींचने लगे। इस हंगामे से न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक बुरहानपुर निवासी एक युवक अपनी 9 साल की बेटी और परिजनों के साथ जिला न्यायालय पहुंचा था। वहीं उसकी पत्नी, जो खंडवा की रहने वाली है अपने परिजनों के साथ कोर्ट परिसर में मौजूद थी। दोपहर के समय बच्ची को साथ ले जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। जिसे मौजूद लोगों ने समझाइश देकर शांत करा दिया था। लेकिन शाम करीब सात बजे फिर से विवाद हो गया। बच्ची पिता के साथ जाने की बात कह रही थी। जबकि मां उसे अपने साथ रखने पर अड़ी हुई थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और धक्का-मुक्की के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्ष बच्ची को अपनी तरफ खींच रहे थे। हालात बिगड़ते देख वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खबर पढ़े जाने तक पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी।---