Sagar-स्कूल बैग से निकली नागिन, क्लास से बच्चे भागे, शिक्षक ने दिखाई बहादुरी! | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के रहली चांदपुर के शासकीय प्राथमिक स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मासूम छात्र ने जैसे ही अपना स्कूल बैग खोला, उसमें से फुफकारती हुई नागिन बाहर निकल आई। यह नज़ारा देखते ही पूरी क्लास में चीख-पुकार मच गई और बच्चे जान बचाकर क्लासरूम से बाहर भाग निकले।
दरअसल, नर्सरी का छात्र भास्कर अहिरवार रोज़ की तरह स्कूल पहुंचा था। वह पढ़ाई शुरू करने के लिए बैग से किताब निकालने लगा। लेकिन जैसे ही उसने बैग की चेन खोली, उसमें छिपी करीब डेढ़ फीट लंबी नागिन अचानक बाहर निकल आई। मासूम छात्र घबरा गया और बैग वहीं छोड़कर दौड़ते हुए बाहर निकल गया।
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षक तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दौरान शिक्षक अभय यादव ने बिना घबराए सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने सावधानी से बैग को उठाकर स्कूल परिसर से बाहर ले गए। सड़क पर बैग रखते ही उसमें से नागिन बाहर निकली। शिक्षक ने सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू कर उसे प्लास्टिक के डिब्बे में कैद कर लिया।
साहसी और निडर शिक्षक अभय यादव ने बताया कि यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती जाती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। बाद में नागिन को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
इस अप्रत्याशित घटना ने कुछ देर के लिए पूरे स्कूल में दहशत का माहौल बना दिया। हालांकि, शिक्षक की सूझबूझ और तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया