बेशकीमती जमीन को लेकर दो पक्ष आये आमने-सामने, तड़ातड़ चली गोलियां, वीडियो हुए वायरल | SAGAR TV NEWS |
बेशकीमती जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए जहां दोनों पक्षों की तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलाये जाने की बात सामने आई है। घटना के वीडियो भी सामने आये हैं। बताया जा रहा है की दोनों तरफ से हवाई फायर किये गए हैं। वहीं एक पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मर्डर के प्रयास समेत अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही जांच भी शुरू की है। गोलीकांड की ये वारदात एमपी के मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक थाना अंतर्गत सीवर प्लांट के पास करीब 14 बिस्वा जमीन के मालिकाना हक और सीमांकन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया गया की यह जमीन करीब एक साल पहले मुन्नालाल राठौर और हरीसिंह परमार समेत चार साझेदारों ने खरीदी थी। सीमांकन को लेकर मामला राजस्व न्यायालय में भी लंबित रहा और कई बार विवाद सामने आ चुका था। इसी को लेकर जब एक पक्ष खेत की मेड़ को पहले जैसी स्थिति में करने पहुंचा। तभी दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि राठौर पक्ष के लोग मकान की छत पर चढ़ गए और वहां से दूसरे पक्ष पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में दूसरे पक्ष ने भी गोलियां चलाईं। ऐसी जानकारी है की दोनों पक्षों की तरफ से 14 से 15 राउंड फायर किये गए। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
शिकायतकर्ता गिर्राज शर्मा का आरोप है कि फायरिंग की आशंका को लेकर एक दिन पहले ही पुलिस को सूचना दी गई थी। लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिर्राज शर्मा की शिकायत पर हरीसिंह राठौर, मुन्नालाल राठौर, सतीश राठौर, राजू राठौर, संदीप परमार और मंदीप परमार समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। खबर पढ़े जाने तक दूसरे पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने जानकारी देते हुए बताया की सीवर प्लांट के पास जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद है। दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई है। फ़िलहाल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।