स्नान के दौरान डूब रहा था श्रद्धालु, SDERF जवान की सतर्कता से बची जान, नाव चालक ने भी दिखाई समझदारी
स्नान करने के दौरान डूबते हुए श्रद्धालु को बचाने एक जवान ने अपनी वर्दी की बिना परवाह किये हुए बस लाइफ जैकेट लेकर पानी में छलांग लगी दी। जिसके बाद नाव चालक ने तत्परता दिखाई और सफल रेस्क्यू से एक ज़िंदगी को बचाया गया। मामला एमपी के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर का है बताया जा रहा है की ब्रह्मपुरी घाट पर एस.डी.ई.आर.एफ. की त्वरित और साहसिक कार्रवाई से एक श्रद्धालु की जान बचाई गयी। नहाने के दौरान सिद्धार्थ उम्र 19 साल निवासी रिंग रोड, इंदौर अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगा। जिससे घाट पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एस.डी.ई.आर.एफ. जवान महेश रावत ने साहस का परिचय दिया और बिना किसी परवाह के लाइफ बॉय लेकर नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। वहीं ड्यूटी पर तैनात नाव चालक शिवा वर्मा ने भी तत्काल सहयोग किया और पानी में डूब रहे श्रद्धालु को बाहर निकाला गया।
घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने एस.डी.ई.आर.एफ. जवान और नाव चालक की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था की अगर ज़रा और देर होती तो युवक की जान चली जाती।
खंडवा के जिला सेनानी, होमगार्ड्स और एस.डी.ई.आर.एफ आशीष कुमार कुशवाहा ने सफल रेस्क्यू पर जवानों की सराहना करते हुए कहा की आपदा और जल-राहत कार्यों में हर एक सेकंड काफी महत्वपूर्ण होता है। इसी उद्देश्य से सभी एस.डी.ई.आर.एफ. और होमगार्ड जवानों को नियमित रूप से त्वरित प्रतिक्रिया, जल-राहत, लाइफ सेविंग तकनीकों और आपदा प्रबंधन का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। साथ ही कहा की ओंकारेश्वर जैसे अत्यंत संवेदनशील धार्मिक और पर्यटन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिला सेनानी आशीष कुमार कुशवाहा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है की स्नान के दौरान निर्धारित सुरक्षा सीमाओं का पालन करें, गहरे पानी में जाने से बचें।-