रेलवे स्टेशन का बदला स्वरूप! अमृत भारत योजना के तहत बना हाईटेक स्टेशन, 17 जुलाई को होगा लोकार्पण
बुंदेलखंड के एमपी के सागर संभाग के टीकमगढ़ जिले के लिए बड़ी खुशखबरी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो चुका है। आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक भवन और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित इस स्टेशन का 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
झांसी रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूरी तरह आधुनिक स्वरूप दिया गया है। स्टेशन भवन के उन्नयन और यात्री सुविधाओं के विकास पर करीब 6 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं 13 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा अत्याधुनिक फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए 90 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट भी स्थापित की गई है।
स्टेशन परिसर को बुंदेली संस्कृति और विरासत की झलक देने वाले डिज़ाइन से सजाया गया है। एलईडी लाइटिंग, फसाड लाइट, सोलर स्ट्रीट लाइट और आकर्षक पोल लाइटों से स्टेशन की खूबसूरती और बढ़ गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए कोच डिस्प्ले बोर्ड, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग प्वाइंट, शुद्ध पेयजल, जल कूलर, व्हीलचेयर, डस्टबिन, प्राथमिक उपचार केंद्र, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास संकेतक, कैटरिंग सुविधा और पर्यटक सहायता केंद्र जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन बुंदेलखंड के लाखों लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख केंद्र है। यहां से झांसी, भोपाल, खजुराहो, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, सूरत, प्रयागराज, गोरखपुर और आसनसोल सहित कई प्रमुख शहरों के लिए रेल सेवाएं उपलब्ध हैं। वंदे भारत ट्रेन का संचालन भी इस स्टेशन की महत्ता को और बढ़ाता है।
रेल यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने स्टेशन के नए स्वरूप पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि यह विकास केवल स्टेशन का नहीं, बल्कि पूरे बुंदेलखंड की प्रगति का प्रतीक है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन अब यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव देने के लिए पूरी तरह तैयार है।