सागर-अतिक्रमण पर चला बुलडोजर! ठेले-टपरे जब्त, 21 जुलाई तक हटने का अल्टीमेटम | SAGAR TV NEWS |
सागर में यातायात व्यवस्था सुधारने और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद नगर निगम की अतिक्रमण टीम गुरुवार को मैदान में उतरी और शहर के कई हिस्सों में अवैध ठेले-टपरे हटाने की कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर अतिक्रमण अमले ने तीनबत्ती से कटरा मस्जिद और नमक मंडी रोड तक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेले, टपरे और अस्थायी कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान दो ठेले, दो काउंटर, चार बेंच-टेबल, बांस-बल्लियां, प्लास्टिक पन्नी और अन्य सामान जब्त किया गया।
दरअसल, बुधवार को हुई समीक्षा बैठक में नगर निगम की वित्तीय स्थिति, शहर में चल रहे विकास कार्यों और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी। बैठक में नगर विधायक शैलेन्द्र जैन, महापौर संगीता तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, कलेक्टर प्रतिभा पाल और नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री मौजूद रहे। बैठक में तय किया गया कि कटरा बाजार में यातायात सुगम बनाने के लिए सभी हाथ-ठेला व्यवसायियों को निर्धारित हॉकर्स जोन में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए 21 जुलाई 2026 तक की अंतिम समय-सीमा तय की गई है।
साथ ही नगर निगम को वित्तीय रूप से मजबूत बनाने के लिए जीआईएस आधारित संपत्ति कर निर्धारण, बकाया करों की वसूली, एनर्जी ऑडिट, सोलर पैनल लगाने और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को ऊर्जा दक्ष मॉडल में बदलने जैसे अहम निर्णय भी लिए गए। बैठक में आवास योजनाओं, ट्रांसपोर्ट नगर, मैकेनिक नगर और डेयरी विस्थापन जैसी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 21 जुलाई के बाद मुख्य मार्गों, विशेषकर कटरा बाजार में अतिक्रमण या यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। वहीं, हाथ-ठेला व्यवसायियों के पुनर्वास के लिए शहर के विभिन्न वार्डों में हॉकर्स जोन विकसित किए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि उद्देश्य अतिक्रमण हटाना ही नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाते हुए सभी हितधारकों के लिए संतुलित समाधान सुनिश्चित करना है।