Sagar - ब्रिज के नीचे से गायब हो गया ट्रैक्टर ट्रॉली, एक हफ्ते बाद पुलिस ने खोज निकाला
सागर की मकरोनिया थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले का एक हफ्ते में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, प्रभाकर नगर निवासी संजय गिरी ने 11 जुलाई को मकरोनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली ब्रिज के नीचे राम मंदिर के पास खड़ा था, जिसे 9 और 10 जुलाई की रात अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर थाना प्रभारी नितिन पाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, साइबर सेल की मदद ली और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी। मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर लगातार दबिश भी दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 15 जुलाई को चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया और मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र राजपूत (31), निवासी मालथौन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में मकरोनिया थाना, कंट्रोल रूम और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।