एक ही ज्वेलरी दुकान में छठी बार चोरी! सेंध लगाकर 4 लाख की चांदी पर हाथ साफ, पुलिस अलर्ट
नगर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि एक ही ज्वेलरी दुकान को छठी बार निशाना बना लिया गया। इस बार चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर करीब 4 लाख रुपये कीमत के चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों में दहशत फैला दी है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के पथरिया के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्केट स्थित मिट्ठू सराफ उर्फ प्रकाशचंद सराफ की ज्वेलरी दुकान की है। दुकान संचालक के अनुसार गुरुवार रात करीब 8:15 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे सामने होटल संचालक का फोन आया कि दुकान की पीछे वाली दीवार टूटी हुई है और बाहर गहनों के खाली डिब्बे पड़े हैं।
जब दुकानदार मौके पर पहुंचे तो दुकान के अंदर का नज़ारा देखकर उनके होश उड़ गए। पूरी दुकान का सामान बिखरा हुआ था और शोकेस में रखे चांदी के आभूषण गायब थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर करीब 2 किलो 950 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये है, अपने साथ ले गए। चोरी हुए सामान में चांदी की थालियां, मुकुट, गिलास, कटोरियां, चम्मच, कंगन, मूर्तियां और करीब 100 चांदी की अंगूठियां शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, एसडीओपी प्रिया सिंधी, थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के लिए दमोह से फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम और जबलपुर से डॉग स्क्वॉड भी बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इसी दुकान में यह छठी चोरी है, तो आखिर चोर इतने बेखौफ कैसे हैं? क्या लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई? अब व्यापारी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि इस बार पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गुत्थी सुलझाएगी और बाजार में सुरक्षा का भरोसा बहाल करेगी।