पति-पत्नी में विवाद के बाद हुई मारपीट, पहले पति फिर पत्नी पहुंची कुएं में, पुलिस ने बचाई जान
पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हो गया। जहां पति ने पत्नी के साथ जमकर मारपीट कर दी और तैश में आकर कुएं में कूद गया। ये देख पत्नी भी कुएं में पहुंच गयी। दोनों झटपटा रहे थे सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू करते हुए दोनों को बाहर निकालते हुए उनकी जान बचाई। घटना छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के केड़ी गांव की बताई जा रही है। घरेलु विवाद के चलते दम्पति में विवाद की बात सामने आ रही है। फिलहाल दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ओरछा रोड थाना अंतर्गत केड़ी गांव में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ था। पति परमलाल अहिरवार ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी भागवती अहिरवार के साथ कथित रूप से मारपीट की। इसके बाद परमलाल ने कुएं में छलांग लगा दी। उसे कुएं में कूदता देख पत्नी भागवती ने भी ठीक वैसा ही किया। घटना की सूचना मिलते ही ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों ने जांच के बाद दंम्पति की हालत स्थिर बताई है। वहीं पुलिस इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।------