सागर- खाद संकट से लेकर नशे के कारोबार तक...कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, किसानों ने भरी हुंकार
सागर जिले के देवरी में किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद महामहिम राज्यपाल के नाम 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन देवरी तहसीलदार को सौंपा गया। रैली में शामिल किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाद संकट, समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी, अघोषित बिजली कटौती, पेयजल संकट और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि किसान समय पर खाद नहीं मिलने से परेशान हैं, जबकि मूंग उपज का पूरा लाभ भी किसानों को नहीं मिल पा रहा है।
पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि सरकार तत्काल किसानों की 100 प्रतिशत मूंग एमएसपी पर खरीदे और कृषि सीजन को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करे। उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी और बारिश के मौसम में भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से आम जनता और व्यापारी दोनों परेशान हैं। ज्ञापन में देवरी क्षेत्र के देवी नगर में कथित रूप से बढ़ रहे अवैध जुआ, सट्टा, शराब, स्मैक, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत की जाए और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से प्रभावित गांवों की समस्याओं को भी ज्ञापन में शामिल किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा। देवरी में कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन ने स्थानीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि किसानों और आम जनता से जुड़े इन 15 प्रमुख मुद्दों पर सरकार क्या कदम उठाती है, या फिर आंदोलन और तेज होगा।