Sagar- चेतावनी के बाद भी नहीं माने व्यापारी, गुस्साए किसानों ने मंडी गेट पर जड़ा ताला, वाहनों की कतारें लगी
सागर जिले के बीना में कृषि उपज मंडी में टीनशेड का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है की व्यापारियों ने किसानों के टीनशेडों पर कब्जा कर लिया है। जिसको लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने चेतावनी दी थी। जिसके बाद किसानों ने मंडी के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। जिस वजह से अनाज बेचने आने वाली ट्रेक्टर ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गयी। जब तक किसानों को लिखित में आश्वासन नहीं मिल गया तब तक उन्होंने प्रदर्शन समाप्त नहीं किया।
बता दें की बीना की कृषि उपज मंडी परिसर में किसानों के लिए बनाए गए टीन शेडों में व्यापारियों ने कब्जा कर लिया है। जिन्हे लगातार खाली करने की मांग की जा रही है। इसी को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने मंडी के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया।
संयुक्त किसान मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष सीताराम ठाकुर के नेतृत्व में किसानों ने मंडी के मुख्य गेट पर ताला डाला। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन द्वारा किसानों के लिए टीन शेड की व्यवस्था की गई है। लेकिन व्यापारी लोग उस पर पूरा कब्जा जमाए हुए हैं। बारिश होने पर किसानों का अनाज भीगता रहता है। लेकिन व्यापारियों को किसानों की चिंता नहीं है। इसी मनमानी के चलते किसान परेशान हैं। कई घंटे चले प्रदर्शन के बाद मंडी सचिव मौके पर आए और उन्होंने किसानों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने टीन शेडों से व्यापारियों का कब्जा हटाने की बात कही। साथ ही उन्होंने लिखित आश्वासन दिया की 7 दिन के अंदर टीन शेडों से व्यापारियों का कब्जा अलग हो जाएगा। तब कहीं जाकर प्रदर्शन ख़त्म हुआ।------