MP | 400 साल पुरानी अष्टधातु की तोप चोरी! हथियारबंद बदमाशों ने नरवर किले में बोला धावा, पुलिस में हड़कंप
एमपी के शिवपुरी जिले के ऐतिहासिक नरवर किले से एक ऐसी चोरी सामने आई है जिसने पुलिस और पुरातत्व विभाग दोनों को सकते में डाल दिया है। करीब 400 साल पुरानी अष्टधातु की तोप हथियारबंद बदमाश चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि 30 से ज्यादा बदमाश देर रात किले में घुसे, चौकीदार को धमकाया और लोडिंग वाहन में तोप रखकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। राजा नल-दमयंती की ऐतिहासिक नगरी नरवर का किला अपनी विरासत और प्राचीन धरोहरों के लिए जाना जाता है। किले की कचहरी परिसर में कुल 14 ऐतिहासिक तोपें रखी हुई थीं, जिनमें से एक तोप अब चोरी हो चुकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह तोप करीब 400 वर्ष पुरानी थी और अष्टधातु से निर्मित बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरे इलाके की रेकी की। इसके बाद देर रात किले के पिछले हिस्से से दीवार पार कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने पहले तोप को उसके स्टैंड से नीचे गिराया और फिर उसे लोडिंग वाहन में रखकर मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक वारदात में शामिल बदमाशों की संख्या 30 से अधिक थी और उनके पास हथियार भी थे। चौकीदार के विरोध करने पर उसे धमकाकर भगा दिया गया। इसके बाद बदमाश आराम से ऐतिहासिक धरोहर लेकर निकल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। किले के आसपास जांच शुरू कर दी गई है और संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एडिशनल एसपी संजीव मूल ने बताया कि चौकीदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि इतनी महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा व्यवस्था आखिर इतनी कमजोर कैसे थी? अब सबकी नजर इस बात पर है कि सदियों पुरानी इस अमूल्य तोप को पुलिस कब तक बरामद कर पाती है और इस वारदात के पीछे कौन लोग हैं।