Sagar - बाइक को टक्कर मारकर भागा वाहन, 3 युवकों के साथ बड़ी अनहोनी | SAGAR TV NEWS |
सागर में बंडा थाना क्षेत्र के दलपतपुर के तिंसी तिराहे के पास शुक्रवार की शाम को एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया। एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक बाइक सहित हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान धनप्रसाद पुत्र हाकम अहिरवार 20 वर्ष, आर्यन पुत्र सुखलाल आठिया 19 - वर्ष और रोहित पुत्र राजेंद्र लोधी 20 में हुई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बारिश के कारण सड़क पूरी तरह गीली और फिसलन भरी थी, इसके बावजूद बाइक सवार युवक अत्यधिक तेज गति में थे और स्टंट करते हुए बंडा से दलपतपुर की ओर जा रहे थे। तभी पुलिया के पास वे इस हादसे का शिकार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतल भी बरामद हुई है, जिससे प्राथमिक तौर पर युवकों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तीनों को तत्काल बंडा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को मर्चरी में रखवा दिया है, जिनका शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर भागे अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।