14 साल बाद खुली मंदिर की दान पेटी, फ्लैट के लिए मांगे एक करोड़,बदले में एक हजार का प्रसाद
14 साल के बाद प्रसिद्ध मंदिर की दान पेटी के ताले खोले गए। जिसमें चढ़ावे की चर्चा नहीं हुई, बल्कि दान पेटी में से निकलने वाली अजीबोगरीब और अनोखी मनोकामनाओं की अर्जी वाली पर्चियों की रही। इनमें एक अर्जी सबसे ज्यादा दिलचस्प रही। जिसमें लिखा था की हे प्रभु फ्लैट के लिए एक करोड़ रुपये दे दो, एक हजार रुपये का प्रसाद चढ़ाऊंगी। इस पर्ची ने सभी का ध्यान खींचा। इसके अलावा किसी ने नौकरी, किसी ने परिवार के स्वास्थ्य की कामना तो किसी ने परीक्षा में अच्छे अंक की कामना की। दरअसल हम एमपी के मुरैना की बात कर रहे हैं। जहां सराफा बाज़ार में स्थित प्राचीन बिहारी जी मंदिर की दान पेटी 14 साल बाद खोली गई।
बताया जा रहा है की बिहारी जी मंदिर की दानपेटी 14 साल बाद खोली गई। जिसमें 30 हजार 639 रुपये मिले हैं। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उन अर्जियों की रही जो श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं के साथ भगवान को लिखकर दानपेटी में डाली थीं।
बीते शुक्रवार को नायब तहसीलदार, हल्का पटवारी, मंदिर के पुजारी और समाजसेवियों की मौजूदगी में बिहारीजी मंदिर की सालों पुरानी दानपेटी खोली गई। जो आख़िरी दफा साल 2012 में खोली गई थी। 14 साल तक बंद रहने के कारण इसकी चाबी भी खो गई थी। जिससे ताला खुलवाने नई चाबी बनवानी पड़ी। दानपेटी से कुल 30 हजार 639 रुपये नकद मिले। लंबे समय तक बंद रहने के कारण कई नोट गलकर खराब हो चुके थे। जिन्हें अलग सुरक्षित रखा गया है।
दान पेटी में से निकलने वाली नगदी के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मनोकामना वाली पर्चियां भी निकलीं। जिसमें किसी ने नौकरी मिलने की प्रार्थना की थी। किसी ने परीक्षा में अच्छे अंक आने की, तो किसी ने पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना लिखी थी। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस पर्ची की रही जिसमें महिला ने भगवान से फ्लैट खरीदने एक करोड़ रुपये देने की प्रार्थना की और एक हजार रुपये का प्रसाद चढ़ाने का वादा किया था। मंदिर शासन के अधीन है लिहाजा तमा राशि सरकारी खजाने में जमा होगी।---