अच्छी बारिश के लिए अजीबोगरीब टोटका, गधों को खिलाये गुलाब जामुन, इंद्र देव को कर रहे प्रसन्न
क्या आपने कभी सुना है की गधों को ढूंढकर गुलाब जामुन खिलाये जा रहे हों वो भी अच्छी बारिश की कामना के लिए। जी हाँ कुछ ऐसा ही नज़ारा भी देखने को मिला जहां लोगों ने बारिश के लिए अजीबोगरीब टोटकों का सहारा लिया है। मानसून की शुरुआत भले ही हो चुकी हो लेकिन फ़िलहाल तक उम्मीद के मुताबिक पानी नहीं बरसा है। जिससे अब अच्छी बारिश के लिए लोगों ने कुछ इस तरह टोटके का सहारा लिया।
तस्वीरें राजधानी भोपाल की हैं। जहां कोलार तिराहा पर समाजसेवी मुजाहिद सिद्दीकी ने गधों को गुलाब जामुन खिलाकर अच्छी बारिश की प्रार्थना की। इसमें सबसे ज्यादा दिलचस्प बात ये है की मुस्लिम समुदाय से आने के बावजूद मुजाहिद सिद्दीकी ने हिंदू लोकमान्यताओं का सम्मान करते हुए इंद्रदेव को प्रसन्न करने और मानसून के सक्रिय होने की कामना के को लेकर यह प्रतीकात्मक टोटका किया। मुजाहिद कहते हैं की बारिश किसी धर्म विशेष के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज और किसानों के लिए जरूरी है। इसलिए उन्होंने प्रदेश में अच्छी बारिश की कामना के साथ यह आयोजन किया।
इस अजीबोगरीब लेकिन दिलचस्प टोटके के दौरान काफी लोग जुटे थे। लोगों ने फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया जिससे ये टोटका चर्चाओं में आ गया।
दरअसल ये टोटका सालों पुरानी लोकमान्यता और परंपरा का हिस्सा है। ऐसी मान्यता है कि जब मानसून कमजोर पड़ जाए या समय पर बारिश न हो, तो गधों को मिठाई खिलाने जैसे प्रतीकात्मक उपाय करने से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और अच्छी बारिश होती है। इसी को लेकर समाजसेवी मुजाहिद सिद्दीकी ने गधों को गुलाब जामुन खिलाए और इंद्रदेव से मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश की प्रार्थना की।