इंजेक्शन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, अस्पताल में हंगामा
इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर की गैरमौजूदगी में एक कर्मचारी ने महिला को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, परिजनों को समझाइश दी और जांच का भरोसा दिलाकर मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार एमपी के छिंदवाड़ा जिले के हर्रई थाना क्षेत्र के बम्होरी गांव की रहने वाली एक महिला की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे। आरोप है कि उस समय डॉक्टर क्लीनिक में मौजूद नहीं थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक कर्मचारी ने महिला को दवा देने के साथ इंजेक्शन लगा दिया।
परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगने के कुछ ही मिनटों बाद महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए डॉक्टर और संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही हर्रई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इंजेक्शन किसने लगाया, क्या उपचार में कोई लापरवाही हुई और मौत का वास्तविक कारण क्या है—इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजन – "डॉक्टर मौजूद नहीं थे। वहां मौजूद युवक ने इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। हम पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई चाहते हैं।"