CM मोहन यादव बोले जल्द बनेगा सर्वसुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज, टीकमगढ़ को मिली 189 करोड़ की विकास सौगात!
एमपी के सागर संभाग के टीकमगढ़ जिले में विकास के लिहाज से बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले को 189 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात दी। कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने और उत्सव भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से कई परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के चेक वितरित कर लाभान्वित भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने की। वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने 67.81 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जतारा और बड़ागांव के संदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। वहीं 40.48 करोड़ रुपये की लागत से खरगापुर में बनने वाले नए संदीपनि विद्यालय का भूमिपूजन भी किया गया। इसके अलावा टीकमगढ़ नगर में ऑडिटोरियम, नवीन एसडीएम कार्यालय, ढोंगा ग्राउंड में हॉकी टर्फ और 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कायाकल्प कार्यों सहित कई अन्य विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि टीकमगढ़ में शीघ्र ही सर्वसुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जाएंगी और वे स्वयं जल्द ही इसका भूमिपूजन करने दोबारा टीकमगढ़ आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से न केवल टीकमगढ़ बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सा शिक्षा की सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम के अंत में कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष और जिला संगठन सचिव बृजभान यादव ने मुख्यमंत्री का मुकुट पहनाकर, पुष्पगुच्छ और आभार पत्र भेंट कर सम्मान किया। 189 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों और मेडिकल कॉलेज की घोषणा ने टीकमगढ़ के विकास को नई दिशा देने का संकेत दिया है। शिक्षा, खेल, प्रशासनिक सुविधाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में मिली इन सौगातों से जिले के लाखों लोगों को आने वाले समय में सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।