सागर- दूसरी पत्नी के बेटे ने किया पिता से धोखा, सांठगांठ से जमीन का बंटवारा,अपने नाम करा ली जमीन !
कहते हैं की बाप बड़ा न भैया सबसे बड़ा रुपैया, कुछ ऐसा ही एक मामला सागर जिले के खुरई थाना क्षेत्र से भी सामने आया है। जहां दूसरी पत्नी के बेटे ने ही पिता के साथ धोखाधड़ी कर दी और फर्जी तरीके से बंटवारा कर कृषि भूमि को अपने नाम करा लिया। इस तरह के गंभीर आरोप खुद पिता ने ही अपने बेटे पर लगाते हुए शिकायत की है।
बताया गया की कुमरोल गांव में एक बुजुर्ग किसान ने बेटे पर अधिकारियों से मिलकर फर्जी तरीके से बंटवारा कर कृषि भूमि अपने नाम कराने का गंभीर आरोप लगाया। किसान की माने तो तो उसे बिना किसी सूचना, नोटिस और सहमति के बंटवारा आदेश पारित कर दिया गया। इस बात की जानकारी मिलने पर उन्होंने एसडीएम से बंटवारा आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगाने की मांग करते हुए आवेदन सौंपा है।
आवेदन के मुताबिक कुमरोल गांव निवासी उमराव कुशवाहा के नाम गांव में ही करीब 1 एकड़ 70 डिसमिल कृषि भूमि दर्ज है। उमराव का कहना है कि उनका पूरा परिवार खेती पर ही निर्भर है यही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है। उमराव के मुताबिक 22 जून 2026 को नायब तहसीलदार न्यायालय से बंटवारे का आदेश पारित किया गया। लेकिन उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। न कोई नोटिस मिला, न ही उनका पक्ष सुना गया। उन्हें इस आदेश की जानकारी 1 जुलाई को लगी। जिसके बाद उन्होंने तत्काल आपत्ति दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि उसकी पहली पत्नी की जान जाने के बाद उन्होंने दूसरी शादी की थी। शादी के बाद पत्नी कुछ समय यहां रहने के बाद अपने मायके रजवांस में रह रही है। कई सालों से वह यहां आई भी नहीं है। पहली पत्नी से एक बेटा है और दूसरी पत्नी से भी एक बेटा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरी पत्नी के बेटे धर्मेंद्र कुशवाहा ने फर्जी बंटवारा प्रकरण तैयार कराकर करीब एक एकड़ भूमि अपने नाम दर्ज करा ली। वहीं करीब 51 डिसमिल भूमि उनकी पहली पत्नी के लड़के कमल कुशवाहा के नाम और 19 डिसमिल भूमि उनके नाम दर्ज कर दी गई। जबकि उन्होंने किसी भी बेटे को देने की सहमति नहीं दी। न ही वे अपनी भूमि का बंटवारा कराना चाहते हैं। वह अपनी जमीन किसी को भी नहीं देना चाहते। इसलिए उन्होंने शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।--