सागर- बारिश के सीजन में पानी के लिए त्राहि, पीने का पानी तक नसीब नहीं,परेशान हो रहे लोग
ज़रा सोचिये की बारिश के सीजन में लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सागर जिले के खिमलासा नगर में लोगों का आरोप है की उन्हें पर्याप्त पाने नहीं मिल रहा है। जबकि खिमलासा सागर जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायतों में शुमार है। आलम कुछ इस कदर है की कई लोगों को पैसों में पानी खरीदना पड़ रहा है तो कई लोग ऐसे हैं जो रातों को जागकर दूर दराज से पानी लाने को मजबूर हैं।
बताया गया की खिमलासा में एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई किया जा रहा है लेकिन वह भी पर्याप्त नहीं मिल रहा है। 48 घंटे में केवल 20 मिनट ही पानी की आपूर्ति हो रही है। जिसमें नलों से गंदा पानी आ रहा है। नलजल योजना का पानी सिर्फ आधे नगर में ही आ रहा है जो की पर्याप्त नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जहां खिमलासा को तहसील और नगर पंचायत बनाने की घोषणा कर चुके हैं। पंचायत की करीब 16 हजार की आबादी है। मतदाताओं की संख्या 8500 है। यह पंचायत बीना विधानसभा और खुरई जनपद पंचायत की सबसे बड़ी पंचायतों में से एक है। पानी की समस्या को लेकर यहां के सरपंच और सचिव के अलावा कोई भी जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं दे रहे हैं न ही कोई प्रशासनिक अधिकारी। पंचायत के लोग रात-दिन आसपास के कुओं, हैंडपंपों पर पानी भरने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हैं।
खिमलासा ग्राम पंचायत के सरपंच अशोक साहू से मिली जानकारी के मुताबिक 35 से 40 प्रतिशत पानी की आपूर्ति नल जल योजना से होती है। नई बसाहट पर पाइप लाइन नहीं है। जल्द ही पाइप लाइन डाली जाएगी। वर्तमान में पानी की दो टंकिया है, जिससे पानी की सप्लाई की जाती है। एक टंकी का निर्माण किया का रहा है। फंड के अभाव में टैंकर से पानी की सप्लाई करना मुश्किल होता है।