Sagar-36.45 करोड़ का संदीपनि स्कूल पहली बारिश में टपका! क्लासरूम में रिसा पानी, गुणवत्ता पर उठे सवाल
सागर जिले के देवरी में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया अत्याधुनिक शासकीय संदीपनि उच्च माध्यमिक विद्यालय पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गया है। करीब 36 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से बने इस भवन का लोकार्पण पिछले महीने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था, लेकिन अब पहली बारिश के साथ ही क्लासरूम, स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर लैब में पानी रिसने की शिकायतें सामने आई हैं।
इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और करीब 3 हजार विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निरीक्षण के दौरान कई कक्षाओं की छत से पानी टपकता दिखाई दिया। जिन कमरों में छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, वहां बारिश का पानी रिसने से शिक्षकों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन की ऐसी स्थिति देखकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस भवन का लोकार्पण होने से पहले क्या तकनीकी गुणवत्ता की जांच की गई थी? यदि जांच हुई थी तो इतनी बड़ी खामियां कैसे सामने आ गईं? और यदि जांच नहीं हुई, तो आखिर किस आधार पर भवन को उपयोग के लिए सौंप दिया गया?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पहली ही बारिश में भवन की छत से पानी टपकने लगे, तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। लोगों ने निर्माण एजेंसी, संबंधित इंजीनियरों और अधिकारियों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विद्यालय के प्राचार्य ने भी कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। अब निगाहें शासन और प्रशासन पर हैं कि क्या इस मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्माण में हुई कथित लापरवाही के जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी, या फिर करोड़ों की यह परियोजना भी सवालों के बीच दबकर रह जाएगी।