सागर में नशे के खिलाफ बड़ा जनजागरूकता अभियान, 650 विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त भारत बनाने की शपथ
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत सागर के थाना मोतीनगर क्षेत्र स्थित एक निजी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया रहे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी, थाना प्रभारी मोतीनगर सहित पुलिस और महाविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और नशामुक्त युवा ही एक सशक्त समाज व विकसित राष्ट्र की नींव रख सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता है और हर युवा इस अभियान का सशक्त दूत बन सकता है।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी छात्र-छात्राओं को "न स्वयं नशा करेंगे, न किसी को नशा करने देंगे" की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ और करीब 650 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रबंधन ने जिला पुलिस के "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान की सराहना करते हुए इसे युवाओं और समाज को सही दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।