भैंस चोरी का मामला हुआ उग्र, पुलिस हिरासत से संदिग्ध को छुड़ाया फिर पुलिस पर लगे गंभीर आरोप !
महज दो भैंसों की चोरी का मामला बड़े विवाद और हंगामे में तब्दील हो गया। मामले में पुलिस ने कार्यवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। लेकिन लोगों ने पुलिस पर हमला बोल उसे छुड़ा लिया। जिसके बाद विवाद ने और उग्र रूप ले लिया। दरअसल इसके अगले दिन गांव में करीब सात घरों में जमकर तोड़फोड़ हुई। जहां पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। मामला मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पलपुरा गांव का है। आरोप है की पुलिस ने गहने नगदी समेत घरेलु सामान को नुक्सान पहुंचाया। फ़िलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकी है।
बताया गया की पलपुरा गांव में बहादुर सिंह परमार के घर से दो भैंसे चोरी हो गई। ग्रामीणों ने चोरी का शक सरायछौला थाना क्षेत्र के रबद का पुरा गांव के कुछ लोगों पर जताया। शिकायत पर शनिवार को पुलिस टीम गांव में दबिश देने पहुंची। घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ते हुए वाहन में बैठा लिया। लेकिन महिलाओं ने पुलिस का रास्ता रोक लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे और पत्थरों के साथ मौके पर पहुंच गए। हालात तनावपूर्ण हो गए जिससे पुलिसकर्मियों को अपनी सुरक्षा के लिए हथियार तक निकालने पड़े। इस बीच लोग हिरासत से संदिग्ध को छुड़ा ले गए।
वहीं इसके बाद रबद का पुरा गांव के करीब सात घरों में तोड़फोड़ की घटना हुई। लोगों का आरोप है की घरों के दरवाजे और ताले तोड़कर फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन, कूलर, गैस चूल्हा, पलंग, बर्तन और अन्य घरेलू सामान तोड़ दिया गया। 15 से 17 लाख के गहने और तीन लाख की नगदी भी गायब होने की बात कही गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
खबर लिखे जाने तक न तो पुलिस पर लगे आरोपों की पुष्टि हुई थी न ही कोई आधिकारिक बयान सामने आया था।
फ़िलहाल पुलिस टीम पर हमला करने समेत सभी पहलुओं पर पुलिस की जांच पड़ताल जारी है।