Sagar - वार्ड के स्टोर रूम में छिपा था दुर्गंध का राज, दरवाजा खुलते ही पुलिस भी रह गई दंग
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अस्थि रोग विभाग के वार्ड नंबर-14 के स्टोर रूम से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-14 में भर्ती मरीजों ने परिसर में लगातार आ रही तेज दुर्गंध की शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की थी। शिकायत के बाद स्टाफ ने जांच की तो दुर्गंध स्टोर रूम से आती मिली। संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्टोर रूम का दरवाजा खुलवाया तो अंदर एक पुरुष का शव पड़ा मिला। शव काफी हद तक सड़ चुका था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत करीब दो दिन पहले हुई होगी। पुलिस ने मौके की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेज दिया।
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक अस्पताल में भर्ती मरीज था या किसी मरीज का परिजन। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
वहीं, बीएमसी अधीक्षक डॉ. राजेश जैन ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।