Sagar - 5 साल के दैविक ने जीता गोल्ड, आर्मी पब्लिक स्कूल लगातार 8वीं बार ओवरऑल चैंपियन
सागर जिला कूडो एसोसिएशन द्वारा कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित 11वीं सागर जिला कूडो प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया। बालक एवं बालिका वर्ग में कुल 122 खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीते। अंडर-6 आयु वर्ग में 5 साल के दैविक तिवारी 11वीं जिला स्तरीय कूडो प्रतियोगिता के सबसे कम में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी बने।
प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार आठवीं बार ओवरऑल चैम्पियनशिप अपने नाम कर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
इस अवसर पर कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद एजाज़ खान, महासचिव हरिकांत तिवारी, कोषाध्यक्ष नीरज यादव तथा उज्जैन से पहुंचे राष्ट्रीय रेफरी जमीर अब्बास की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह का विशेष आकर्षण रहे विश्व चैंपियन सोहेल खान, जो वर्तमान में आयकर विभाग, मुंबई में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, तथा युवराज पवार, जो सीजीएसटी एवं कस्टम्स विभाग, हैदराबाद में पदस्थ हैं। दोनों खिलाड़ियों ने कूडो स्पोर्ट्स कोटा के माध्यम से केंद्रीय सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्राप्त कर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का गौरव हासिल किया।
अपने संबोधन में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि खेल हमें कभी हार न मानने की सीख देते हैं। खेल के मैदान में कोई छोटा या बड़ा नहीं होता, सभी समान होते हैं। खेल अनुशासन, पारस्परिक सम्मान, एकता, समर्पण और निरंतर मेहनत का संदेश देते हैं। यही गुण खिलाड़ियों को देश का नाम रोशन करने योग्य बनाते हैं।
शैलेश केशरवानी ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज का समय केवल “पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब” तक सीमित नहीं है, बल्कि “खेलोगे कूडो, बनोगे लाजवाब” भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी अब 21 से 24 अगस्त 2026 तक इंदौर पब्लिक स्कूल, इंदौर में आयोजित होने वाली 11वीं मध्य प्रदेश राज्य कूडो प्रतियोगिता में सागर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।