Sagar- राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, PM और गृहमंत्री का पुतला फूंका,
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद प्रियंका गांधी की कथित गिरफ्तारी के विरोध में सागर में जिला शहर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर कांग्रेस कार्यालय से कोतवाली तक रैली निकाली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया तथा राष्ट्रपति के नाम नगर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली शहर कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कोतवाली थाना पहुंची, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे छात्रों से जुड़े मुद्दों और NEET पेपर लीक प्रकरण को लेकर शांतिपूर्ण विरोध कर रहे थे। उनका आरोप है कि विपक्ष की आवाज को दबाने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने NEET पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि इन मामलों पर जवाब देने के बजाय सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और विपक्ष के अधिकारों की सुरक्षा की मांग की।
ज्ञापन में राष्ट्रपति से पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। इस दौरान पूर्व विधायक मुकुल पुरोहित, सुनील जैन, रामकुमार पचौरी, बाबू सिंह, सिंटू कटारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।