Sagar- सुबह की सैर बनी आखिरी सफर ! अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक मौत, पुल पर मिला शव
सागर जिले के राहतगढ़ से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सुबह की सैर पर निकले एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना राहतगढ़ नगर स्थित बीना नदी पर बने बड़े पुल की है। जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-3 निवासी शहीद उस्मानी सोमवार सुबह करीब 5 बजे रोज की तरह घर से टहलने के लिए निकले थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी सुबह साबित होगी।
करीब सुबह 7:30 बजे स्थानीय लोगों ने पुल पर एक युवक को सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा देखा और तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की पहचान शहीद उस्मानी के रूप में होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन घायल युवक को तत्काल राहतगढ़ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया।
राहतगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसा करने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कब लगाम लगेगी? एक और परिवार ने सड़क हादसे में अपना बेटा खो दिया है, जबकि आरोपी वाहन चालक अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।