रेल्वे ट्रैक पर था तेंदुआ, फिर आनन-फानन में पहुंची वन विभाग टीम, टक्कर से गई जान
लगातार एक के बाद एक वन्य जीवों की जान जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं जिससे हड़कंप मचा हुआ है। फिर एक मामला सामने आया जहां ट्रेन की टक्कर से एक तेंदुए की जान चली गई। बताया जा रहा है की रेल्वे ट्रैक पर एक बड़ा तेंदुआ मरा हुआ मिला। रेल्वे कर्मचारियों ने ये देख तत्काल ही वन विभाग टीम को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर टीम पहुंची और पूरे इलाके में सर्चिंग की गई। दिल दहला देने वाला ये हादसा पन्ना जिले के दक्षिण वन मंडल के रैपुरा से सामने आया है।
बताया गया की रतनगांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक तेंदुआ पड़ा हुआ मिला। पटरी की देखरेख करने वाले रेलवे कर्मचारियों ने जैसे ही ट्रैक पर तेंदुए को बुरे हाल में देखा तो उन्होंने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। जिसके बाद वन विभाग की टीम सीधे घटनास्थल पर पहुंची। डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया की शुरुआती हालात को देखकर साफ लग रहा है कि तेंदुए की जान किसी तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर लगने की वजह से गई है। लेकिन वन विभाग कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहता था। इसलिए जान जाने की असली वजह जानने पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के जंगलों और खेतों में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन (कॉम्बिंग) चलाया। जांच को और पुख्ता करने डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया। जिसने पटरियों और आसपास के पूरे इलाके की बारीकी से जांच की। वन विभाग के अधिकारीयों ने ग्रामीणों और रेलवे कर्मचारियों से भी पूछताछ की। डीएफओ का कहना है की यह ट्रेन एक्सीडेंट का ही मामला है। वन विभाग की टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।--