सागर में युवती पर कुल्हाड़ी से हमला, गंभीर हालत में BMC में भर्ती; पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोमला में पड़ोस में रहने वाली एक महिला द्वारा 21 वर्षीय युवती पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवती सोना कुर्मी के पिता दिव्यांग हैं। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली महिला आए दिन उनके पिता को ताने मारती थी। घटना वाले दिन जब सोना ने महिला को ऐसा करने से रोका तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने कुल्हाड़ी से युवती के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
घटना के बाद परिजन घायल युवती को लेकर शिकायत दर्ज कराने मोतीनगर थाने पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 8 बजे थाने में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और पूरा थाना खाली मिला। उनका कहना है कि घायल युवती करीब आधे घंटे तक थाने के अंदर तड़पती रही, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने इस संबंध में एक वीडियो भी मीडिया को उपलब्ध कराया है।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं, थाने में पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति को लेकर लगाए गए आरोपों को उन्होंने नकारा है।