Sagar- राहतगढ़ थाने में IG, DIG और SP का औचक निरीक्षण, बारिश और अपराध नियंत्रण दिया निर्देश
सागर जिले के राहतगढ़ थाना में उस समय हलचल मच गई, जब एक साथ आईजी मिथिलेश शुक्ला, डीआईजी शशिन्द्र चौहान और एसपी अनुराग सुजानिया औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों के अचानक पहुंचने से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई और पूरे थाने की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना परिसर की व्यवस्थाएं देखीं, लंबित मामलों की समीक्षा की और क्षेत्र में हो रहे अपराधों की जानकारी ली। इसके साथ ही राहतगढ़ क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और संवेदनशील स्थानों की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने थाना प्रभारी मुकेश सिंह ठाकुर से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों पर चर्चा की।
आईजी मिथिलेश शुक्ला ने निर्देश दिए कि वर्तमान में बारिश का मौसम चल रहा है। ऐसे में जिन स्थानों पर नदी-नालों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पुलिस लगातार गश्त बढ़ाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए अधिकारियों ने कहा कि पुलिस केवल कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि जनजागरूकता अभियान चलाकर युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे। नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार या उपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित राहतगढ़ थाने का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।