संदिग्ध हालत में मिले युवक-युवतियां, कैफे और स्पा सेंटर सील, पुलिस का बड़ा एक्शन !
एमपी के जबलपुर में बुधवार शाम पुलिस और नगर निगम ने अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों और केबिन वाले कैफे पर बड़ी कार्रवाई की। अनैतिक गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद शास्त्री ब्रिज से लेकर अमखेरा रोड तक कई स्पा सेंटरों और रेस्टोरेंट्स पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जबकि नियमों के उल्लंघन पर कुछ स्पा सेंटर और कैफे सील कर दिए गए। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और अनु बेनीवाल के नेतृत्व में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने नेपियर टाउन, राइट टाउन, इनकम टैक्स चौराहा, गोहलपुर और अमखेरा रोड सहित कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान शास्त्री ब्रिज स्थित एक स्पा सेंटर में केबिन और पर्दों की व्यवस्था मिली, जिस पर पुलिस ने तत्काल उन्हें हटाने के निर्देश दिए। वहीं अमखेरा रोड स्थित काम-25 कैफे में भी छोटे-छोटे केबिन और पर्दे लगे कमरे पाए गए। नगर निगम की टीम ने नियमों के उल्लंघन और आवश्यक दस्तावेजों की कमी के चलते संबंधित प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। कुछ स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही कुछ लोग मौके से निकल गए। पुलिस ने स्पा सेंटरों के रजिस्टर, दस्तावेज और विजिटर रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने बताया कि कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी। वहीं नगर निगम यह भी जांच कर रहा है कि संचालित स्पा सेंटर और कैफे वैध लाइसेंस एवं आवश्यक अनुमति के साथ संचालित हो रहे थे या नहीं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।