माँ की आँखों के सामने पानी में बह गया इकलौता मासूम, बचाने नाले में कूदी माँ लेकिन नहीं बच सका
फिर एक बार मानसून सक्रीय नज़र आ रहा है रुक रुक कर झमाझम बारिश हो रही है। जिससे नदी नाले उफान पर आ गए हैं। कई जगहों पर हालात बेकाबू ही गए हैं। इसी बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां नाले में बहने से एक चार साल के बच्चे की जान चली गयी। उसे बचाने कूदी माँ को बचा लिया गया। लेकिन वह अपने इकलौते मासूम बच्चे को नहीं बचा सकी। मामला एमपी के सिवनी जिले का है।
बताया जा रहा है की लगातार बारिश होने से नाले और नहरें भी उफान पर हैं। कोतवाली थाना अंतर्गत खैरीटेक क्षेत्र में चार साल का मासूम ऋषि यादव नाले में बह गया। जिससे उसकी जान चली गई बेटे को बचाने नाले में कूदी उसकी मां की जान किसी तरह बचाई गई। लेकिन उसकी आँखों के सामने ही उसका इकलौता बच्चा नहीं बच पाया।
मिली जानकारी के मुताबिक खैरीटेक क्षेत्र में नाले के किनारे बने मकान में रहने वाली सुनीता यादव अपने बेटे ऋषि यादव को घर के पीछे शौच कराने ले गई थी। मकान के पीछे ही बरसाती नाला बहता है। जिसमें लगातार बारिश के कारण तेज बहाव था। इसी दौरान ऋषि का पैर फिसल गया और वह सीधे नाले में जा गिरा। बेटे को बहता देख मां सुनीता यादव ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए नाले में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तत्काल पुलिस और बचाव दल को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए काफी प्रयास के बाद सुनीता यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन तेज बहाव में बहे ऋषि को नहीं बचाया जा सका। जब तक उसे बाहर निकाला जाता उसकी जान जा चुकी थी। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।------